अंबाला सिटी। डीएवी पब्लिक स्कूल में वैदिक संस्कार पुण्यमास मनाया गया। जिसका आयोजन आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा हरियाणा के तत्वावधान में हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने वैदिक संस्कार पुण्यमास को सेवा और संस्कारों को जागृत करने का माध्यम बताया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र और मर्यादाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रेरक कविताएं और भाषण प्रस्तुत किए।
स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. राधा रमन सूरी ने कहा कि वैदिक संस्कार पुण्यमास केवल एक उत्सव नहीं, यह हमारे विद्यार्थियों के अंतर्मन में छिपी संवेदनशीलता, सेवा और संस्कारों को जागृत करने का माध्यम है।कक्षा दसवीं की यांशिका ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का आदर्श जीवन विषय पर अपने विचार रखे, जबकि कक्षा सातवीं के विद्यार्थी हर्शिव ने कौन हैं राम कविता सुनाकर वातावरण को भावविभोर कर दिया। पुण्यमास का समापन योगी सूर्य के जन्म दिवस पर हुआ। इस अवसर पर स्कूल के चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों को राशन वितरित किया गया और इसके साथ ही विद्यालय परिसर में वैदिक हवन के साथ वैदिक भजन संध्या का आयोजन किया गया।