अंबाला सिटी। शहर में पेयजल संकट गहरा गया है। लालपुर बस्ती क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा मरम्मत कार्य या अन्य कारणों से अचानक बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई। इसका सीधा असर शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले मुख्य वाटर वर्क्स पर पड़ा।
बिजली गुल होने के कारण वाटर वर्क्स के पंप पूरी तरह ठप हो गए, जिससे सुबह से लेकर शाम तक शहर के बड़े हिस्से में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। इस संकट ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उधर, वाटर वर्क्स विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ही पंपिंग दोबारा शुरू की जा सकेगी। हालांकि, खाली हो चुके रिजर्व टैंकों को फिर से भरने और पाइपलाइनों में पूरी क्षमता के साथ पानी का दबाव बनाने में कम से कम दो से तीन दिन का समय लग सकता है। तब तक शहरवासियों को पानी का संभलकर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन या संबंधित विभाग द्वारा पानी की कटौती को लेकर जो जानकारी दी थी वह उन तक नहीं पहुंच सकी इसके कारण वह सुबह पानी आने का इंतजार करते रहे मगर पानी नहीं आया। लोगों को रेलवे स्टेशन व अन्य क्षेत्रों से पानी भरकर लाना पड़ा। हालात यह बने कि शाम सात बजे तक भी बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं हुई, इसक कारण पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। लोगों ने जब जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन किए ताे उन्होंने भी असमर्थता जता दी।