छावनी के नागरिक अस्पताल में मरीज का उपचार करते हुए यूरोलॉजिस्ट डॉ. तजिंदर सिंह। संवाद
अंबाला। छावनी के नागरिक अस्पताल में यूरोलॉजिस्ट की ओपीडी सेवा अब फिर से शुरू हो गई है। यूरोलॉजिस्ट डॉ. तजिंदर सिंह अब सप्ताह में तीन दिन अस्पताल में उपलब्ध रहेंगे। वे ओपीडी के साथ-साथ ऑपरेशन थिएटर में जरूरी सर्जरी भी करेंगे।
डॉ. तजिंदर सिंह ने बताया कि यूरोलॉजी चिकित्सा की एक विशिष्ट शाखा है, जो मूत्र मार्ग (किडनी, यूरीटर, ब्लैडर और यूरीथ्रा) तथा पुरुषों की प्रजनन प्रणाली से जुड़ी बीमारियों के इलाज से संबंधित है। आम तौर पर जिन समस्याओं के लिए लोग यूरोलॉजिस्ट के पास जाते हैं, उनमें शामिल हैं गुर्दे या मूत्राशय की पथरी व पेशाब में जलन या रुकावट व प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याएं व पेशाब में खून आना व बार-बार पेशाब आना या पेशाब रुकना व पुरुष बांझपन और यौन समस्याएं होती हैं। उन्होंने बताया कि इन बीमारियों का समय पर इलाज अत्यंत जरूरी है, नहीं तो ये गंभीर रूप ले सकती हैं।
वर्जन
डॉ. पूजा पैंटल ने बताया कि अस्पताल प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है कि मरीजों को सभी जरूरी विशेषज्ञ सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलें। यूरोलॉजी ओपीडी सप्ताह में हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी के कमरा नंबर 8 में चलेगी।