संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अग्निवीर योजना के तहत 8 से 15 नवंबर तक होने वाली भर्ती रैली को लेकर वीरवार को छावनी के एसडीएम कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीएम विनेश कुमार व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ कर्नल वीके पांडे मौजूदरहे। कर्नल ने एसडीएम को भर्ती रैली के बारे में बताते हुए कहा कि इस भर्ती में हरियाणा के 6 जिले, इनमें अंबाला, कैथल, पंचकूला, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल शामिल हैं। इन जिलों से अग्निवीर रैली में पुरुष उम्मीदवार शामिल होंगे। हरियाणा व हिमाचल सहित केंद्र शासित दिल्ली से महिला उम्मीदवार अग्निवीर रैली में शामिल होंगी।
इस भर्ती का जिम्मा आर्मी भर्ती कार्यालय (एआरओ) अंबाला के पास है। उन्होंने यह भी बताया कि 8 से 12 नवंबर तक पांच दिन पुरुष उम्मीदवारों की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा 13 से 15 नवंबर तक तीन दिन महिला उम्मीदवारों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने अग्निवीर भर्ती रैली के सफल आयोजन हेतु एसडीएम से खड़गा स्टेडियम में भर्ती स्थल पर सभी विभागों से सुविधाएं उपलब्ध करवाने बारे विचार-विमर्श किया। एसडीएम ने कहा कि अग्निवीर भर्ती को लेकर उन्हें जिला प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा।
विभागों को सौंपी जिम्मेदारी
एसडीएम ने वाटर टैंक के लिए नगर परिषद व स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदारी सौंपी। इसी प्रकार शौचालय के लिए एमसी सदर, इंटरनेट सुविधा के साथ कंप्यूटर के लिए एनआईसी, आधार डाटा जांच के लिए क्रिड विभाग, लैब टेक्नीशियन के लिए डीआईओ, बस सेवा के लिए रोडवेज, ला एंड आर्डर व मैटल डिटेक्टर के लिए पुलिस की डयूटी लगाई। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस व्यवस्था के लिए ऑल ओवर इंचार्ज एसएचओ अंबाला कैंट होंगे। दस्तावेज जांच के लिए शिक्षा विभाग और बैरीगेटिंग, टैंट, लाइट व अन्य सुविधाओं के लिए पीडब्लयूडी विभाग की डयूटी लगाते हुए कहा कि खेल विभाग से भी एक कर्मचारी डयूटी स्थल पर मौजूद रहेगा। इस सारी भर्ती प्रक्रिया के नोडल अधिकारी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल होंगे।