संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 90 लाख रुपये हड़पने का एक मामला सामने आया है। ठगी करने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ित का अपना सगा फूफा ही निकला। आरोपी ने युवक को पहले नायब तहसीलदार और बाद में स्पोर्ट्स कोटे से डीएसपी बनवाने का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में 90 लाख रुपये ऐंठ लिए। एसपी कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित नवीन कुमार पुंडीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2021 में कुरुक्षेत्र निवासी उसके फूफा हरदीप सिंह ने घर आकर बड़े अधिकारियों और नेताओं से पहचान का दावा किया था। आरोपी ने उसे नायब तहसीलदार की नौकरी लगवाने का लालच दिया। पीड़ित ने पत्नी के गहने गिरवी रखकर, बैंक से लोन लेकर और दोस्तों से उधार उठाकर मई 2021 से जुलाई 2022 तक आरोपी को 90 रुपये लाख नकद सौंप दिए। नौकरी न लगने पर आरोपी लगातार अफसरों के तबादले और चुनाव का बहाना बनाता रहा। मार्च 2025 में आरोपी ने पीड़ित के व्हाट्सएप पर बधाई संदेश भेजकर फाइल क्लियर होने का झूठा दावा भी किया। बाद में आरोपी ने स्पोर्ट्स कोटे से डीएसपी पद दिलाने का नया झांसा दिया।
मामले की जांच आर्थिक शाखा अंबाला ने की। जांच रिपोर्ट और एसपी अंबाला की अनुमति के बाद पुलिस ने आरोपी हरदीप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत अमानत में खयानत 316(2) और धोखाधड़ी 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मुलाना थाने के जांच अधिकारी सूबे सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।