संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। गर्मी के मौसम में तैराकी सीखने और अभ्यास करने वाले ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए चिंता की खबर है। बड़ागढ़ स्थित आधुनिक खेल स्टेडियम में बने स्वीमिंग पूल के इस बार शुरू होने पर संशय बना हुआ है। टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण खेल विभाग ने फिलहाल अपने स्तर पर केवल अंबाला कैंट के ऑलवेदर स्वीमिंग पूल को संचालित करने की तैयारी की है। वहीं, बड़ागढ़ पूल को लेकर अभी मुख्यालय से अनुमति नहीं मिली है।
बड़ागढ़ और आसपास के सैकड़ों गांवों के खिलाड़ियों व तैराकी प्रेमियों को उम्मीद थी कि इस बार आधुनिक खेल स्टेडियम का स्वीमिंग पूल शुरू होगा, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट नहीं होने से उनमें निराशा है। विभाग के अनुसार, कैंट स्वीमिंग पूल में पहले से तैराकी कोच और अन्य स्टाफ उपलब्ध हैं, इसलिए इसे संचालित करने में परेशानी नहीं आएगी। वहीं बड़ागढ़ में कोच और स्टाफ की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
टेंडर प्रक्रिया में फंसा संचालन
खेल विभाग के अधीन जिले में दो प्रमुख स्वीमिंग पूल हैं। इनमें एक अंबाला कैंट का ऑलवेदर स्वीमिंग पूल और दूसरा बड़ागढ़ गांव के आधुनिक खेल स्टेडियम में बना पूल है। दोनों पूलों के संचालन के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन पिछले दो माह से यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
पहली बार निकाले गए टेंडर में तीन कंपनियों ने आवेदन किया था, लेकिन दस्तावेजों की जांच के दौरान सभी आवेदन तकनीकी कारणों से बाहर हो गए। इसके बाद विभाग ने दोबारा टेंडर जारी किया, जिसमें पांच एजेंसियों ने रुचि दिखाई, लेकिन यह प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ सकी।
मुख्यालय से अनुमति का इंतजार
अब खेल विभाग ने फिलहाल अंबाला कैंट के स्वीमिंग पूल को अपने स्तर पर चलाने का निर्णय लिया है। बड़ागढ़ स्थित पूल को लेकर मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि इसका संचालन किस व्यवस्था के तहत किया जाएगा।
कोट
फिलहाल कैंट के ऑलवेदर स्वीमिंग पूल को शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। बड़ागढ़ आधुनिक खेल स्टेडियम के स्वीमिंग पूल को लेकर मुख्यालय में प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। -राम स्वरूप, कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी, अंबाला