अंबाला सिटी। इंको चौक के पास से एक्टिवा सवार दो युवकों को 24.40 लाख रुपये के साथ हिरासत में लिया गया। सीआईए-टू ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर कार्रवाई की। युवकों की पहचान गुजरात के संतालपुर वासी हेतपाल जडेजा और महसाना के साहिब सिंह के तौर पर हुई। मामला आयकर विभाग को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक्टिवा सवार युवकों की संदिग्ध गतिविधियां हैं। इसके बाद एक्टिवा नंबर के आधार पर पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। उनके पास मौजूद बैग से 24.40 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इनमें 200 रुपये 60, 500 के 1044 और 2000 के 953 नोट निकले। पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्होंने यह राशि मॉडल टाउन के पास किसी को देनी थी। पुलिस के अनुसार मामला आयकर विभाग को सौंप दिया गया है, जांच के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि नकदी का स्रोत क्या है।