शहर से सटे सोंडा गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। घर के बाहर खेलते समय दो वर्षीय मासूम बच्ची अचानक पानी से भरे गहरे हौद में गिर गई। पानी में दम घुटने से बच्ची की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रवासी मजदूर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले छोटूराम सोंडा गांव में परिवार सहित रहकर मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को उनकी दो वर्षीय बेटी चंदा घर के आसपास खेल रही थी। इसी बीच बच्ची की मां निशा पास ही किसी काम से पानी भरने चली गईं। कुछ देर बाद जब मां लौटीं तो चंदा आंगन में नजर नहीं आई। तलाश करने पर पास ही बने गहरे हौद में बच्ची बेसुध पड़ी मिली।
मां की चीख-पुकार सुनकर पिता और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में मासूम को हौद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लाडली की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।