अंबाला। केसरी गांव की प्रताप फैक्टरी में 19 सितंबर को बॉयलर की भट्ठी से राख निकालते समय झुलसे चार मजदूरों में दो की मौत हो गई। शाहाबाद के लंडा गांव निवासी सतीश ने 21 सितंबर तो केसरी गांव निवासी बॉयलर ऑपरेटर लखविंद्र ने 23 सितंबर को चंडीगढ़ पीजीआई में प्राथमिक उपचार के बाद दम तोड़ा। साहा थाना पुलिस ने सतीश का अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल तो लखविंद्र का चंडीगढ़ पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
इस मामले में साहा थाना पुलिस ने पहले ही फैक्टरी के मालिक, फोरमैन सतार मोहम्मद, मैनेजर श्याम लाल पर बीएनएस में लापरवाही की धारा 289, 125 ए व 125 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया था। शाहा थाना प्रभारी कर्मवीर का कहना है कि झुलसे चार में से दो मजदूरों की मौत हो गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।