संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जग्गी गार्डन फेस-2 मंडोर में बुधवार दोपहर एक नकाबपोश बदमाश दिनदहाड़े एक घर में घुस गया और पिस्तौल के बल पर दो महिलाओं को बंधक बनाकर तीन हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के गहने लूटकर भाग गया। सूचना मिलने के बाद पंजोखरा थाना पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली और वर्तमान में जग्गी गार्डन में किरायेदार नीतू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह रसोई में काम कर रही थी। तभी काले रंग का मास्क, टोपी पहने एक युवक कमरे का दरवाजा खोलकर भीतर घुस आया। इतने में वह कुछ समझ पाती कि पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर अलमारी में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए और गले से एक तोले की सोने की चेन और कानों की बालियां झपट कर बाथरूम में बंद कर दिया।