रेलवे स्टेशनों पर लगी वीडियो वाल। रेलवे
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन के परिसर में दो वीडियो वाल लगाई जाएंगी। इन वीडियो वाल पर यात्रियों से जुड़ी मुख्य जानकारी के अलावा रेलवे स्टेशन पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी प्रसारित की जाएगी, वहीं ट्रेनों के आवागमन, प्लेटफार्म आदि सहित विज्ञापन का भी प्रसारण होगा। अंबाला रेल मंडल द्वारा जारी की गई निविदा के तहत यह कार्य अंबाला कैंट की एक एजेंसी को सौंपा गया है। अंबाला रेल मंडल ने रेलवे परिसर में वीडियो वाल स्थापित करने का ठेका तीन वर्ष के लिए जारी किया है। इस ठेके से रेलवे को कुल 52 लाख 21 हजार 500 रुपये के राजस्व की प्राप्ति होगी, यानी रेलवे को सालाना 17.40 लाख रुपये मिलेंगे। इस राजस्व से रेलवे स्टेशन पर कुछ अन्य यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी।
मौजूदा समय में कैंट रेलवे स्टेशन के यूटीएस काउंटर के नजदीक एक एलईडी स्क्रीन लगी है जोकि काफी बड़ी है। ऐसी एक ही स्क्रीन कैंट रेलवे स्टेशन पर है जबकि छोटी-छोटी लगभग 15 स्क्रीन प्लेटफार्मों सहित अन्य हिस्सों पर लगी हुई हैं। लेकिन अब रेलवे परिसर में एलईडी स्क्रीन की जगह 10X10 फुट साइज की एक बड़ी वीडियो वाल स्थापित की जाएगी जोकि ट्रेनों की जानकारी देने में काफी सक्षम होगी। इसके अलावा मुख्यद्वार के नजदीक भी वीडियो वाल लगाई जाएगी ताकि यात्रियों को दूर से ही यह नजर आ सके।
वाणिज्य विभाग ने तैयार किया था प्रस्ताव
कैंट रेलवे स्टेशन को राजस्व में अव्वल लाने के लिए मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में पिछले दिनों स्टेशन पर तैनात वाणिज्य निरीक्षक को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों से तालमेल स्थापित करते हुए रेलवे परिसर में वीडियो वाल स्थापित करने की योजना तैयार की गई ताकि यात्री सुविधाओं में वृद्धि हो सके।
वर्जन
कैंट रेलवे स्टेशन की सुंदरता व यात्री सुविधाओं को देखते हुए वीडियो वाल स्थापित करने का फैसला किया गया है। इसका ठेका जारी कर दिया गया है और ठेकेदार जल्द ही काम भी शुरु कर देगा।
एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक,अंबाला मंडल।