नारायणगढ़। उप मंडल स्तर पर समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने समस्याएं सुनीं। बिलासपुर गांव की ममता देवी ने बिजली कनेक्शन से संबंधित समस्या रखी, बुढ़ाखेड़ा के मनीष कुमार ने खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत दर्ज करवाई। नारायणगढ़ बस स्टैंड से जुड़ी एक शिकायत में बताया गया कि वहां शरारती तत्व लड़कियों व महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। इस पर एसडीएम ने पुलिस विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खंड समिति सदस्य रामकुमार ने अपने वार्ड के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों की समस्याएं रखी। इनमें गांव छज्जल माजरा में रामगढ़ रोड पर स्पीड ब्रेकर लगवाने, छज्जल माजरा में बस क्यू-शेल्टर बनवाने, छोटी बस्सी में नाले आदि से संबंधित समस्याएं शामिल रही। पंजलासा गांव के खुशभास, विजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने गांव का गंदा पानी खेतों में जमा होने की समस्या उठाई। मुन्ना माजरा गांव की शकुंतला देवी ने परिवार पहचान पत्र में किसी अन्य व्यक्ति का बिजली बिल दर्ज होने की शिकायत रखी।
कुल्लड़पुर गांव की जसविंद्र कौर ने राशन कार्ड में पुत्र का आधार नंबर सही दर्ज करवाने का अनुरोध किया। लालपुर गांव की वृद्ध महिला ने वृद्धावस्था पेंशन लगवाने, दनौरा के बीरबल ने मजदूरी की बकाया राशि दिलवाने, नगरपालिका वार्ड-14 डेहा बस्ती के नरेश कुमार ने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने, अंधेरी के कृष्ण लाल ने परिवार पहचान पत्र से वाहन हटवाने और पंजलासा गांव की रूपा देवी ने परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन करवाने का अनुरोध किया।