अंबाला। ब्याज पर दिए रुपयों पर चार गुणा ज्यादा वसूली करने का मामला सामने आया है। पीड़िता अंबाला सिटी छोटा बाजार निवासी नीलम देवी का आरोप है कि समय-समय पर लिए गए रुपये चुकाने के बावजूद आरोपी ब्याज मांगते रहे। इसी से परेशानी होकर पति ने आत्महत्या का प्रयास किया था। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने सिटी के छोटा बाजार निवासी नीलम देवी की तहरीर पर अश्वनी कुमार उर्फ जुगनू व रितिक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़िता नीलम देवी ने बताया कि पति मनोज कुमार यूपी से आकर अंबाला में चांदी की नक्काशी का काम करते हैं। सन 2018 के बाद लॉकडाउन लगने की वजह से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया था। पति को किसी ने सर्राफा बाजार के कारोबारी अश्वनी कुमार से मिलवाया, जो फाइनेंस का काम करता था। आरोपी अश्वनी उर्फ जुगनू व उसके पुत्र से हीरा नगर में प्लाॅट लेने के लिए तीन लाख 65 हजार रुपये में सौदा किया था। आरोपी से 65 हजार रुपये 10 प्रतिशत ब्याज पर ले लिए थे। बकाया पेमेंट के लिए पति ने छह माह का समय मांगा था। इसी बीच आरोपियों ने पति से कहा कि उन्होंने किसी और को यह प्लाॅट बेच दिया है। आरोपी अश्वनी से 2 लाख 20 हजार रुपये व पड़ोस में काम करने वाले दीपक को 1 लाख 80 हजार रुपये 10 प्रतिशत ब्याज पर देने के लिए अपने पास बुलाया हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने मनोज से रोजाना के आधार पर रुपये लिए और ब्याज भी हर महीने वसूलते रहे। जब पति ने हिसाब मांगा तो उसने मना कर दिया और रुपये न देने की झूठी शिकायत भी कर दी। इसे निपटाने के लिए आरोपी ने पति से एक्टिवा मांगी थी। एक्टिवा देने के बाद भी आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा और उसकी दुकान से चांदी का सामान उठाकर ले जाते रहे। इन सब चीजों से तंग आकर पति मनोज ने आत्महत्या का भी प्रयास किया था। बाद में किसी तरह से रुपये चुकाए।