नारायणगढ़। हिमाचल प्रदेश से बिना बिल व टैक्स के रेत, बजरी और कंक्रीट लाकर हरियाणा में बेचने के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। शातिर पुलिस को चकमा देने के लिए एक ही फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे।
काला आंब पुलिस चौकी की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक ही नंबर पर चल रहे दो टाटा ट्रकों को जब्त किया है। पुलिस को देखकर दोनों ट्रकों के चालक नाका तोड़कर भाग गए और अपने वाहन छोड़ गए। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
काला आंब पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप-निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दो ट्रक मालिक अपने ड्राइवरों के साथ सांठगांठ कर दोनों गाड़ियों पर एक ही फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगाकर माइनिंग विभाग, आरटीओ और पुलिस प्रशासन को धोखा दे रहे हैं।
यह ट्रक नाहन से रेत व बजरी लोड करके नारायणगढ़ के रास्ते हरियाणा में लाते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने समय करीब दोपहर 1:20 बजे काला आंब-नारायणगढ़ रोड पर सेंट जोसेफ स्कूल के सामने बैरिकेड लगाकर नाकाबंदी शुरू की।
नाकेबंदी के कुछ समय बाद ही एक ट्रक तेज रफ्तार में आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस कर्मचारियों को चकमा देकर नाका तोड़कर भाग निकला। पुलिस टीम ने तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी से उसका पीछा किया।
आरोपी चालक ने ट्रक को बंद पड़े पेट्रोल पंप के आगे स्थित हिमाचल ढाबे पर मोड़ा और गाड़ी खड़ी करके मौके से फरार हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक पर भी आगे वही सेम नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिस को देखते ही दूसरे ट्रक का चालक भी उसी बंद पेट्रोल पंप पर गाड़ी खड़ी कर भाग निकला। पुलिस ने जब दोनों ट्रकों की मौके पर जांच की तो पाया कि दोनों टाटा मार्का ट्रक हैं। दोनों ट्रकों के आगे एक ही नंबर की प्लेट लगी थी, जबकि पीछे कोई नंबर अंकित नहीं था। संवाद