अंबाला। उत्तर रेलवे के जालंधर सिटी-नई दिल्ली रूट और पठानकोट कैंट-जम्मूतवी सेक्शन पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने प्रशासनिक और तकनीकी कारणों के चलते आगामी दिनों में कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोककर रद्द करने का फैसला लिया है।
ट्रेन नंबर 14681 दिल्ली जं. से जालंधर सिटी 29 मई को लुधियाना जंक्शन पर ही रद्द कर दी गई। इसलिए अब ट्रेन नंबर 14682 जालंधर सिटी से दिल्ली जं. आज 30 मई को जालंधर सिटी के बजाय लुधियाना जंक्शन से ही अपनी यात्रा शुरू करेगी । वहीं पठानकोट कैंट–जम्मूतवी रेल सेक्शन पर माधोपुर पंजाब और कठुआ के बीच रेलवे लाइनों के दोहरीकरण कार्य को लेकर दो ट्रेनों को बीच रास्ते रोककर देरी से चलाया जाएगा। इसमें ट्रेन नंबर 18310 जम्मूतवी-संबलपुर 31 मई को 100 मिनट की देरी से रवाना होगी।
इसके अलावा, रास्ते में भी इसे 50 मिनट रोककर चलाया जाएगा। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, यात्री किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम एप या वेबसाइट पर जाकर अपनी ट्रेन की सटीक स्थिति देख सकते हैं । इसके अलावा रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके भी जानकारी ली जा सकती है। संवाद