माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेशक धीमी पड़ गई लेकिन मौत का सिलसिला जारी है। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण से दो लोगों की मौत हो गई और 49 नए संक्रमित मिले। अब तक जिले में कोरोना से 484 लोगों की जान जा चुकी है। जिले के विभिन्न अस्पतालों में अभी भी करीब 155 मरीज कोरोना से जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इनमें से 84 मरीज जिले के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन सपोर्ट और करीब 16 मरीज वेंटिलेटर के सहारे सांसें ले रहे हैं।
जिले में अब तक 29539 केस कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक 407983 सैंपल कोरोना के लिए जा चुके हैं। जिले में वर्तमान में कोरोना संक्रमण दर घटकर 7.30 प्रतिशत पहुंच गई है। जिले में बुधवार को संक्रमण की दर मात्र 2.05 प्रतिशत दर्ज की गई। इस समय 2705 सैंपल रिपोर्ट पेंडिंग हैं। जिले में इस समय 414 मरीज होम आइसोलेट हैं। जिले में 217 एक्टिव कंटेनमेंट जोन बने हैं। बुधवार को अंबाला शहर से 13, कैंट से 09, शहजादपुर से 8, चौड़मस्तपुर से 06, बराड़ा से 7, मुलाना से 5 और नारायणगढ़ से 1 नया संक्रमित केस पाया गया। वहीं सामान्य ओपीडी और इमरजेंसी में मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। रोजाना अब करीब 1 हजार ओपीडी पहुंच गई है। इसमें से करीब 700 ओपीडी तो ट्रामा सेंटर में ही होने लगी हैं।
रिकवरी दर 96.46 फीसदी पर पहुंची
जिले में संक्रमण दर घटने के कारण रिकवरी दर बढ़कर दोबारा से 96.46 फीसदी पर पहुंच गई है और बुधवार को एक ही दिन में 91 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके है। इस जिले में अब तक 28494 मरीज कोरोना की जंग जीत चुके है। इस समय जिले में महज 561 मरीज ही एक्टिव है। जिले में अब तक प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 361687 सैंपल लिए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना मरीजों के लिए बेड के रेट भी निर्धारित किए गए हैं। कोई भी अस्पताल यदि किसी भी कोविड मरीज से तय रेट से ज्यादा शुल्क चार्ज करता है तो उसकी शिकायत सिविल सर्जन कार्यालय में की जा सकती है। शिकायत सही पाई जाने पर उक्त कोविड अस्पताल के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी एवं अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
वैक्सीनेशन की अब तक की स्थिति
जिले में अब तक 4 लाख 23 हजार 165 लोगों को वैक्सीनेट करने का काम किया गया है। डॉक्टर सुनिधि करोल ने बताया कि इस कार्य के तहत पहली डोज के तहत 3 लाख 21 हजार 753 लोगों को वैक्सीनेशन लगी है, जबकि दूसरी डोज के तहत 1 लाख 1 हजार 412 लोगों को वैक्सीनेट किया गया है। जिले में बुधवार को मात्र 2627 लोगों को ही वैक्सीनेशन लगाई गई। इनमें से 18 से 44 आयु वर्ग के 1988 को टीका लगाया गया। 45 से 60 आयुवर्ग में 203 को पहला और 157 को दूसरा टीका लगाया गया। 60 से अधिक आयु वर्ग में 86 को पहला और 71 को दूसरा टीका लगाया गया। 115 फ्रंट लाइन वर्कर को भी टीका लगाया गया।