संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन के परिसर में दो नए एटीएम लगाए जाएंगे, वहीं एस्कलेटर के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक का विस्तार किया जाएगा। ये जानकारी अंबाला मंडल के रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने दी। उनके निर्देश पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की ओर से तैयार किए गए प्रस्ताव को मान्यता मिल गई है, वहीं बैंक प्रबंधन ने अपने क्षेत्र का विस्तार शुरु कर दिया है और जल्द ही एटीएम लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
इस सुविधा का सीधा फायदा तीन हजार कार्यरत रेलवे कर्मचारियों और चार हजार के करीब सेवानिवृत कर्मचारियों को तो फायदा होगा। इसके अलावा दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भी एटीएम से पैसे निकालने की सुविधा मिल सकेगी। वहीं एक अतिरिक्त एटीएम आरक्षण केंद्र के नजदीक लगाने की भी योजना पर काम चल रहा है। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास दो एटीएम लगाए गए हैं, लेकिन इसकी जानकारी अधिकांश यात्रियों को नहीं है जो यात्री मुख्य गेट से आवागमन करते हैं, वो तो इस सुविधा का फायदा उठा रहे हैं, लेकिन यूटीएस काउंटर, आरक्षण केंद्र में आने वाले यात्रियों और पार्सल कार्यालय में आने वाले लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। इस समस्या के समाधान को लेकर भी रेलवे ने प्रत्येक एंट्री प्वाइंट पर सूचना बोर्ड लगाने का फैसला किया है। इसमें यह दर्शाया जाएगा कि छावनी रेलवे स्टेशन पर किस-किस चीज की सुविधा मिल रही है।
बैंक के विस्तार से छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं
रेलवे परिसर में पंजाब नेशनल बैंक की एक छोटी शाखा स्थापित थी। इस शाखा में रेलवे कर्मचारियों की सैलरी ट्रांसफर की जाती थी जोकि कभी पैसे निकलवाने तो कभी पासबुक में एंट्री करवाने के लिए आते थे। अगर उन्हें लोन या अन्य किसी सुविधा की जरूरत होती थी तो उन्हें सदर बाजार स्थित मुख्य शाखा में जाना पड़ता था। लेकिन बैंक के विस्तार से यह सभी अड़चनें खत्म हो जाएंगी और रेलवे कर्मचारियों को एक ही छत के नीचे बैंक से संबंधित सुविधाएं मिलने लगेंगी।
रेलवे परिसर में एक मात्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कर्मचारियों की सैलरी ट्रांसफर की जाती है। शाखा छोटी होने के कारण यहां खाते से संबंधित काम हो पाता था, लेकिन अब बैंक को विस्तार के लिए अतिरिक्त जगह मुहैया करवाई गई है ताकि कर्मचारियों सहित आमजन को भी इसका लाभ मिले। रेलवे परिसर में दो नए एटीएम लगाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर दी जाएगी।
एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।