अंबाला। महेश नगर स्थित लेखी कॉम्प्लेक्स में 6 फरवरी को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के डिप्टी इंजीनियर राहुल मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है।
मृतक के पिता भारतीय वायु सेना में बतौर जेडब्ल्यूओ लखनऊ निवासी विनोद कुमार ने मौत पर कई सवाल खड़े करते हुए मकान मालिक और उसके बेटे पर हत्या का संगीन आरोप लगाया है। महेश नगर थाना पुलिस ने अज्ञात पर हत्या की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर एक बार फिर गहनता से जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता ने एक दिन पहले ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी।
छत से गिरना महज कहानी, शरीर पर चोट के निशान : लखनऊ निवासी विनोद कुमार मिश्रा ने थाना महेश नगर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा राहुल पिछले डेढ़ साल से लेखी कॉम्प्लेक्स में किराए पर रह रहा था। वह बीईएल कंपनी की तरफ से एयरफोर्स स्टेशन के भीतर आकाश मिसाइल यूनिट में डिप्टी इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। 6 फरवरी को उसका शव पार्किंग में मिला था। मकान मालिक केएस लेखी ने दावा किया था कि राहुल की मौत छत से गिरने के कारण हुई है।