मुलाना। महर्षि मारकंडेश्वर यूनिवर्सिटी (एमएमयू) के पास किराए पर पीजी में रह रहे दो छात्रों पर दर्जनभर युवकों ने लोहे की रॉड, डंडों और असलहों से जानलेवा हमला किया। हमले में कैथल निवासी छात्र सागर की बाजू टूट गई जबकि दूसरा हिसार निवासी छात्र प्रिक्षित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित छात्रों की शिकायत पर रिशू पंडित और आदित्य भारद्वाज समेत करीब 12 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार के महोबतपुर गांव निवासी प्रिक्षित ने बताया कि वह एमएमयू में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। उसके साथ कमरे में कैथल का निवासी सागर भी रहता है, जोकि बीसीए का छात्र है। 2 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे सफीदों निवासी रिशू पंडित अपने साथी आदित्य भारद्वाज, लोकेंद्र, युवराज, आरव, कमल हुड्डा व अन्य के साथ हाथ में डंडे, रॉड, चाकू और पिस्तौल लेकर उनके कमरे में जबरन घुस आया।
आरोपियों ने कमरे में आते ही गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोपी पिस्तौल लहराते हुए जान से मारने की धमकी दे गए। डंडों के वार से सागर की दाहिनी बाजू टूट गई, जिसे कैथल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत विधिविरुद्ध जमाव 190, दंगा करना 191(2), स्वेच्छा से चोट पहुंचाना 115, गंभीर चोट पहुंचाना 117(2), आपराधिक धमकी 351(2), घर में घुसकर मारपीट/नुकसान पहुंचाने की धारा 333 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। संवाद