अंबाला। नीरज बवाना गैंग का सदस्य बनकर अंबाला सिटी के सेक्टर-7 निवासी बिजली कारोबारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
पीड़ित नितिन जिंदल ने पुलिस को शिकायत देते हुए पूरी आपबीती सुनाई। बताया कि उसकी ठाकुरद्वारा से मार्केट में जिंदल इलेक्टि्रक के नाम से दुकान है। 29 सितंबर को व्हाट्सएप पर मैसेज आया कि अब तो बढ़े पैसे कमा लिए लूट-लूट के, 5 लाख की रंगदारी चाहिए और तन्ने देनी पड़ेगी। नहीं देगा तो मरेगा बार-बार। नीरज बवाना गैंग में बोलूं मैं, बाबा एनबी सर्च कर लियो एक बार यू-ट्यूब आैर गूगल पर। 15 दिन का समय दूंगा, उसके बाद एक कॉल करूंगा और फिर सीधा गोली आएगी। पुलिस ने पीड़ित नीतिन जिंदल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया था।
साइबर सैल की मदद से रंगदारी मांगने वाले शहजादपुर के पतरेहड़ी निवासी जोनी और उसके साथी सविंद्र कुमार को काबू कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
जोनी था मास्टमाइंड, दोस्त का व्हाट्सएप हैक कर मांगी थी रंगदारी : रंगदारी मांगने वाला आरोपी जोनी इसका मास्टर माइंड बताया जा रहा है। बताया जाता है कि वह मजदूरी करता है और उस पर पहले भी बाइक चोरी का मामला दर्ज है। दूसरा आरोपी सविंद्र कुमार व जोनी दोनों दोस्त है।
जोनी ने उसके कुछ पैसे देने थे। ऐसे में जोनी ने पैसे देने का झांसा दिया और कहा कि उसके मोबाइल में एक ओटीपी आएगा। ऐसे करते ही जोनी ने उसका व्हाट्सएप अपने फोन में चला लिया और रंगदारी के लिए मैसेज किए। हालांकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।