अंबाला सिटी: घायल को पीजीआई रैफर करते हुए। संवाद
- फोटो : Ambala
पेशी से लौट रहे कार सवार चार युवकों पर दूसरी कार में सवार चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में उपचाराधीन चंडीगढ़ मनीमाजरा निवासी अश्विनी की शिकायत पर कार में सवार चार अज्ञात बदमाशों पर हत्या, जानलेवा हमला व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान मौली जागरां वासी 23 वर्षीय राहुल उर्फ अन्ना और प्रदीप उर्फ पंजा-35 वर्ष के रूप में हुई है।
घटनाक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार को राहुल, प्रदीप, गौरव और अश्वनी के साथ ही दीपा गुर्जर, नंदू और एक अन्य किसी मामले में पेशी पर आए थे। कोर्ट में पेशी के बाद जब राहुल उर्फ अन्ना और प्रदीप उर्फ पंजा अपने सहयोगियों संग कार में सवार होकर वापसी के लिए निकले तो कोर्ट गेट पर नंदू, दीपा और एक अन्य उनके साथ कार में सवार हो गए। बताया जा रहा है कि तभी से बदमाश इनके पीछे लग गए थे। आगे चलकर नंदू, दीपा और एक अन्य व्यक्ति अग्रसेन चौक पर उतर गए, जबकि चार कार सवार आगे बढ़ गए। कालका चौक पर पहुंचते ही बदमाशों ने कार सवारों को रुकवाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दोपहर करीब 12 बजे चौक पर फायरिंग से अफरातफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित होने लगी। इसी बीच आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। गोलीबारी में राहुल और प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गौरव को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं अश्वनी को पहले नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया और फिर चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। इससे पहले वारदात की सूचना पर आईजी वाई पूर्ण कुमार, एसपी हामिद अख्तर, डीएसपी सुल्तान सिंह सहित तमाम क्राइम और विभिन्न थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि करीब 20 माह पहले अंबाला की सेंट्रल जेल में लॉरेंस बिश्नोई और भूप्पी राणा के सदस्यों में हुई मारपीट इस हत्याकांड की मुख्य वजह है। उस घटना में बलदेव नगर थाने में करीब 90 लोगों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
कालका चौक पर हुई फायरिंग में दो लोगों की हत्या हो गई है। इस गोलीकांड में दो अन्य घायल भी हैं। चारों एक केस में पेशी से लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह मामला लॉरेंस बिश्नोई और भूप्पी राणा गैंग के सदस्यों में जेल में हुई मारपीट से जुड़ा नजर आ रहा है। शहर थाना पुलिस ने घायल अश्विनी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।
- हामिद अख्तर, एसपी अंबाला।