साहा के बजीदपुर गांव में कार्रवाई करती जिला नगर योजनाकार की जेसीबी। प्रवक्ता
बजीदपुर और महमूदपुर में सड़कों का जाल और नीव ढहाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
साहा। जिला नगर योजनाकार विभाग के दस्ते ने साहा के शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माण पर मंगलवार को कार्रवाई करते हुए दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने करीब 13 एकड़ भूमि पर विकसित किए जा रहे अवैध बुनियादी ढांचे को ढहाया। विभाग की टीम पुलिस बल के साथ पहले बजीदपुर गांव पहुंची, जहां सब-तहसील साहा के अंतर्गत खसरा नंबर 20/20 सहित अन्य भूमि पर करीब 2.25 एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। यहां निर्माणाधीन सड़कों और निर्माण कार्यों को जेसीबी चलाकर ध्वस्त किया गया।
इसके बाद टीम ने महमूदपुर और मलकपुर गांव के रकबे में करीब 10.825 एकड़ में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर कार्रवाई की। यहां बिछाई गई सड़कों के जाल और मकानों के लिए भरी गई नीव को जड़ से उखाड़ दिया गया। मौके पर बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने जनता को सचेत करते हुए कहा कि प्रॉपर्टी डीलर रेगुलर कॉलोनी का झांसा देकर लोगों को ठग रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें और न ही कोई निर्माण कार्य करें। इस दौरान जेई गुरजिंदर और क्षेत्रान्वेषक रविंद्र सहित विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।