जिले में कोरोना का कहर अब बढ़ता ही जा रहा है। लगातार तीसरे दिन भी कोरोना जानलेवा साबित हुआ। वीरवार को कोरोना ने 87 वर्षीय बुजुर्ग और 50 वर्षीय व्यक्ति की जान ले ली। अप्रैल माह में कोरोना से अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है। इतना ही नहीं वीरवार को रिकॉर्ड 199 नए केस सामने आए। इन केस के साथ अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1424 हो गई है। इतना ही नहीं 15 हजार 214 मरीजों को कोरोना अपनी चपेट में ले चुका है। इनमें से 13621 ठीक हो चुके हैं, जबकि 169 मरीजों की जान भी जा चुकी है। अप्रैल माह में करीब 139 मरीज औसतन प्रतिदिन संक्रमित मिल रहे हैं। जिले में अभी तक 2 लाख 76 हजार 831 कोरोना के सैंपल लिए जा चुके हैं। वीरवार को मेगा वैक्सीनेशन कैंप के दौरान करीब साढ़े 7 हजार लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाया।
गांव धुरकड़ा के व्यक्ति और बराड़ा के बुजुर्ग की हुई मौत
वीरवार को जिन दो लोगों की मौत हुई उनमें गांव धुरकड़ा अंबाला शहर का 50 वर्षीय व्यक्ति भी शामिल है। यह मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर था। बराड़ा में पुरानी चौकी के पास 87 वर्षीय बुजुर्ग की हुई। यह बुजुर्ग वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और उच्च रक्तचाप की समस्या से जूझ रहे थे। लगातार बढ़ रहे केस और मौत के चलते अब रिकवरी रेट घटकर 89.53 हो गया है और मृत्यु दर बढ़कर 1.10 हो गई है।
यहां से पाए गए नए केस
अंबाला शहर से 83, छावनी से 32, शहजादपुर से 10, मुलाना से 11, 5 बराड़ा से, 7 नारायणगढ़ से, 51 चौड़मस्तपुर सीएचसी एरिया से मिले। इनमें अंबाला शहर सेक्टर 8, 9, 10 से 3- 3, सेक्टर 7 से 10, लालकुर्ती से 2, कोड़ी मंडी से 2, रणजीत नगर से 1, सैनिक नगर से 1, तोपखाना बाजार से 1, दो बरनाला से, पांच जड़ली से, एक रामनगर से, एक इंद्रपुरी से, एक पालिका विहार से, एक प्रताप नगर, एक बलदेव नगर, दो न्यू मॉडल कॉलोनी, दो सोनिया कॉलोनी, दो दलीपगढ़, एक अंबा विहार, तीन कांशी नगर, दो नन्हेड़ा, एक दिनेश नगर, एक सब्जी मंडी व अन्य जगह से शामिल हैं।
बिना जांच के बच्चों को स्कूल न भेजने का किया आह्वान
सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि अपने बच्चों को बिना कोरोना टेस्ट करवाए स्कूल में न भेजें। डॉ. कुलदीप सिंह ने आह्वान करते हुए कहा कि कोरोना का टेस्ट करवाने के बाद घर से न निकलें जब तक की रिपोर्ट नहीं आ जाती। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर घर पर ही एकांतवास में रहकर अपनी और दूसरों की जान की हिफाजत करें। इस साल अभी तक करीब 1200 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।