अंबाला कैंट। बोह में एक युवक पर दो भाइयों ने मिलकर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में युवक लहूलुहान हो गया। युवक को कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल सुखदीप ने बताया कि वह बाइक पर सवार होकर कैंट से बोह जा रहा था।
सुखदीप पंजोखरा खालसा कॉलेज में बीए फाइनल का छात्र है। बोह में सभ्यचारक मेला चल रहा था, जिस वजह से सड़क पर जाम की स्थिति थी। घायल युवक का कहना है सड़क पर अपनी बाइक निकालने के लिए उसने एक युवक से आग्रह किया। तभी आरोपी युवक उससे बहस करने लग पड़ा।
इस दौरान आरोपी का भाई भी मौके पर पहुंच गया और दोनाें भाइयों ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों आरोपी भाइयों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू युवक की गर्दन और हाथ पर लगा। महेशनगर पुलिस के एएसआई धर्मवीर ने बताया कि शिकायत आ गई है और कार्रवाई जारी है।