अंबाला सिटी। बलाना गांव में दुकान बेचने के नाम पर अमरजीत सिंह से ढाई लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने पहले तो खुद को दुकान की जमीन का मालिक बताया।
रुपये देने के बाद पता लगा कि आरोपी गुरविंद्र के पास न तो बयाना था और न ही मालिक था। अंबाला सदर थाना पुलिस ने गुरविंद्र पर धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता बलाना गांव निवासी अमरजीत सिंह ने बताया कि उसकी एक दुकान 40 वर्ग गज की है।
यह दुकान बलाना गांव निवासी राकेश कुमार से पांच लाख रुपये नकद राशि में ली थी। उक्त दुकान में कब्जा लेने व मिट्टी डालने के लिए गया तो बलाना गांव निवासी गुरविंद्र सिंह कहने लगा कि यह दुकान उसने खरीदी हुई है। कब्जा करना है तो ढाई लाख रुपये देने होंगे। वो राशि देने के बाद दुकान वाली जगह पर लेंटर डालने लगा तो पता चला कि गुरविंद्र उस जगह का मालिक नहीं था।
लेंटर डालते से एक महिला ममता देवी ने रोक दिया था। जांच करने पर पता चला कि राकेश व गुरविंद्र दोनों ही मालिक नहीं थे। इस तरह से असल मालकिन ममता देवी को छह लाख रुपये देकर जमीन खरीद ली थी। पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है कि गुरविंद्र सिंह ने ढाई लाख रुपये दिलवाया जाए। हालांकि पीड़ित की शिकायत में राकेश कुमार से पांच लाख रुपये दिलवाने का जिक्र है लेकिन पुलिस ने अभी केवल गुरविंद्र पर मामला दर्ज किया है।