नारायणगढ़। धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चार साहिबजादों की शहादत की स्मृति में रविवार को साइकिल यात्रा निकाली गई। पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी के नेतृत्व में रुद्राक्ष पार्क से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए नारायणगढ़-अंबाला रोड पर स्थित गुरु लाधो रे भवन में पहुंची। यहां सभी ने श्री गुुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के चरणों में माथा टेका और वीर साहिबजादों के शौर्य, वीरता, सम्पर्ण और बलिदान को नमन किया।
डॉ. पवन सैनी ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने के ऐलान पर गौर करते हुए ये फैसला किया है कि हरियाणा में वीर बाल दिवस बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। 26 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में गुरद्वारा छठी पातशाही में बाल दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत कर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
प्रदेश की सभी सरकारी विश्व विद्यालयों में 26 दिसंबर को सेमीनार का आयोजन भी किया जाएगा। इसका विषय साहिबजादों की कुर्बानी पर आधारित होगा। संवाद