फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईवे पर प्रदर्शन, रोके ट्रक, माल लोडिंग से मना करने पर गंडासी से हमला

Tue, 06 Oct 2015 01:04 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/अंबाला
विज्ञापन
विज्ञापन
पांच दिनों से चल रही हड़ताल के बाद अब अंबाला में भी हालात बिगड़ने लगे हैं। इस हड़ताल में अभी तक दूध, फल और दवाओं की सप्लाई बाधित नहीं की गई थी, जबकि मंगलवार से यह भी प्रभावित होगी। सोमवार को अंबाला कैंट में अंबाला-दिल्ली हाइवे पर ट्रांसपोर्टर्स ने प्रदर्शन किया और ट्रकों को रोका। इतना ही नहीं ट्रांसपोर्टर्स ने जब एक गोदाम में गाड़ी लोड कर रहे लोगों को रोका तो कई लोगों ने गंडासी से हमला कर कर्मचारी को जख्मी कर दिया। सरकार को इस हड़ताल के कारण जहां करोड़ों का नुकसान हुआ है, वहीं ट्रांसपोर्टर्स को भी रोजाना दस करोड़ की हानि हो रही है। 
विज्ञापन

हाइवे पर रोके ट्रक, किया प्रदर्शन सोमवार को अंबाला कैंट में ट्रांसपोर्टर्स ने हाइवे पर जमकर हंगामा किया। इन ट्रांसपोटर्स ने पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर से आने वाले ट्रकों को रोका। यह सभी ट्रांसपोर्टर्स एकत्रित होकर अंबाला-दिल्ली हाइवे पर पहुंचे और ट्रकों को रोकना शुरू कर दिया। इन सभी ने ट्रक चालकों से कहा कि यह हड़ताल सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ है, जबकि सरकार उनकी मांग नहीं मान रही है। इसी कारण से हड़ताल की जा रही है। इसके बाद ट्रांसपोर्टर्स ने हाइवे पर ही प्रदर्शन कर विरोध जताया। 
लोडिंग से रोकने पर किया गंडासी से हमला, मामला दर्ज ट्रक आपरेटर्स की हड़ताल के कारण कैंट के ट्रांसपोर्टर्स गांव मोहड़ी के नजदीक बने गोदामों पर भी पहुंचे। यहां पर उन्होंने देखा कि एक गोदाम से लोकल मार्केट में सप्लाई के लिए सामान लोड किया जा रहा है। इसी पर यह सभी ट्रांसपोर्टर्स भड़क गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई। जब ट्रांसपोर्टर्स लौट रहे थे तो कुछ लोगों ने ट्रांसपोर्ट फर्म के कर्मचारी राजेंद्र निवासी विद्या नगर अंबाला कैंट पर गंडासी से हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को तुरंत कैंट के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे उपचार दिया गया। अंबाला गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार शर्मा ने बताया कि वे माल लोडिंग का विरोध करने के लिए गए थे। वहां कई लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर राजेंद्र को घायल कर दिया गया। शाहाबाद थाने में पुलिस को शिकायत दी गई है, जिस पर मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। 
विज्ञापन


आज से दूध, फल और दवाओं की सप्लाई बंद ट्रांसपोर्टर्स की हड़ताल अब और परेशान करने वाली है। अभी तक इस हड़ताल से दूध, फल और दवाओं की सप्लाई को बाहर रखा गया था। लेकिन सरकार का रुख अड़ियल हो चुका है और इसी कारण से अब दूध, फल और दवाइयों की सप्लाई को भी मंगलवार को बंद किया जाएगा। इससे स्थिति और बिगड़ सकती है, जबकि ट्रांसपोर्टर्स किसी भी कीमत पर झुकने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में जिला में आवश्यक वस्तुओं को लेकर हालात बिगडने शुरु हो सकते हैं। 
ट्रांसपोर्टर्स को रोजाना दस करोड़ की हानिजिला अंबाला में इस हड़ताल का असर ट्रांसपोर्टर्स पर भी बुरी तरह से पड़ने लगा है। जिला अंबाला में 2 हजार ट्रक डेली अप एंड डाउन कर रहे हैं, जिनका प्रति ट्रक रोजाना पांच हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। ऐसे में रोजाना ट्रांसपोर्टर्स को दस हजार करोड़ का फटका लग रहा है, वहीं सरकार को भी राजस्व के तौर पर रोजाना करोड़ों का नुकसान हो रहा है। 
यह क्षेत्र हो रहे हैं बुरी तरह से प्रभावित - जिला की साइंस इंडस्ट्री की करीब 1200 छोटी बड़ी इकाइयां प्रभावित हो रही हैं- अंबाला सिटी की होलसेल कपड़ा मार्केट का व्यापार प्रभावित हो रहा है- अंबाला कैंट का सर्राफा बाजार हड़ताल के कारण प्रभावित है- अंबाला का मिक्सी उद्योग ट्रक आपरेटर्स की हड़ताल से प्रभावित हो रहा है- त्योहारी दिनों में इलेक्ट्रानिक गुड्स के कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं- कास्मेटिक का कारोबार करने वालों की सप्लाई प्रभावित है- किराना का सामान की सप्लाई पर भी असर पड़ रहा है
मंगलवार से यह रहेगा असर - दवाओं की सप्लाई को भी बंद किया जाएगा। यदि हड़ताल ज्यादा दिनों तक चली, तो मरीजों को दवा मिलने में दिक्कत आएगी- दूध की सप्लाई भी इस हड़ताल के कारण प्रभावित होगी, जिससे सारी निर्भरता लोकल स्तर पर सप्लाई करने वाले दोधियों पर होगी- फलों की सप्लाई को भी रोका जाएगा, जिसके कारण अंबाला में फलों की आपूर्ति बाधित होगी 

सरकार ने ट्रांसपोर्टर्स के लिए टीडीएस अनिवार्य कर दिया है, जबकि कांगे्रस के कार्यकाल में यह नहीं था। इसका विरोध किया जा रहा है, जबकि सरकार कुछ नहीं सुन रही है।-जगजीत सिंह, खुशदिल रोडवेज, अंबाला कैंट 
भाजपा सरकार ट्रांसपोर्टर्स की मांग को लेकर अनसुना कर रही है, जबकि अन्य नियम कानून थोपे जा रहे हैं। यही कारण है कि मजबूरी में ट्रांसपोर्टर्स को हड़ताल जैसा कदम उठाना पड़ रहा है। -राजकुमार शर्मा, प्रधान, गुड्स ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन, अंबाला कैंट 
अभी तक दवाओं, फल व दूध की सप्लाई को इस हड़ताल से बाहर रखा गया था। लेकिन सरकार का रुख अडिय़ल है, जिस कारण से मंगलवार से इनकी सप्लाई को भी बाधित किया जाएगा। -शशिकांत, प्रधान, अंबाला सिटी गुड्स ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन 
अभी तक लोकल लेवल के गोदामों से सप्लाई आ रही है, लेकिन थोड़ी बहुत दिक्कत है। यदि जल्द ही हड़ताल न टूटी, तो गोदाम भी खाली होंगे, जिससे लोकल लेवल पर हड़ताल का बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में आम जनता के लिए दैनिक उपभोग की वस्तुओं पर असर पड़ेगा। -अजय कुमार करधान, किराना कारोबारी
दूर के व्यापारी भी परेशानसिटी की होलसेल मनियारी मार्केट में दूरदराज क्षेत्रों से आए कारोबारियों को काफी निराशा उठानी पड़ी। कुछ तो सामान तिपहिया वाहनों अथवा कारों आदि में ले गए, लेकिन अन्य कारोबारी, जो हिमाचल से आए थे, वे परेशान रहे। कुछ कारोबारियों का सामान ट्रक से उतरवा दिया गया। होलसेल जनरल मर्चेंट डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान दीपक राय आनंद ने कहा कि सरकार इस हड़ताल को खुलवाए, ताकि कारोबारी प्रभावित न हों। एक तो त्योहारी सीजन है और दूसरी ओर न तो सामान आ रहा है और न ही ऑर्डर पर सामान भेजा जा रहा है। ऐसे में होलसेल मनियारी मार्केट बुरी तरह से प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें