अंबाला। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को डराकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का अंबाला साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद से शातिर जालसाज भूपेंद्र उर्फ गौरव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक ऐसा सिम बॉक्स बरामद हुआ है, जो तकनीकी रूप से 32 सिम कार्ड एक साथ चलाने की क्षमता रखता है। आरोपी भूपेंद्र उर्फ गौरव से तीन दिन के रिमांड के दौरान पुलिस ने एक डोंगल व सीपीयू भी जब्त किया था। वीरवार कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
आरोपी के बैंंक खाते करवाए गए फ्रीज
अंबाला छावनी के एयरफोर्स स्टेशन के तूफानी एन्क्लेव निवासी हरेंद्र सिंह से साइबर ठगों ने 4 जनवरी 2026 को 13 लाख 56 हजार रुपये की ठगी की थी। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर आरोपियों ने पैसे निकलवाए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की व लोकेशन के आधार पर यूपी में दबिश दी। थाना साइबर प्रबंधक उप निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में एएसआई महताब सिंह व मुख्य सिपाही नवदीप की टीम ने आरोपी को काबू किया था। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों को फ्रीज करवा दिया है ताकि ठगी की राशि का आगे इस्तेमाल न हो सके।
-