बांद्रा-जम्मू तवी के बीच रेलवे ने साप्ताहिक वातानुकूलित सुपर फास्ट एसी ट्रेन चलाई है जिसका नई दिल्ली के बाद अंबाला में स्टॉपेज रखा गया है। लेकिन ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को अतिरिक्त जेब ढीली करनी पड़ेगी। यह ट्रेन 21 अक्टूबर से शुरू होगी और जल्द ही ट्रेन की बुकिंग काउंटर पर रेलवे शुरू भी कर देगा। लेकिन ट्रेन की स्पीड अन्य वातानुकूलित ट्रेनों से कम होगी। यह ट्रेन श्री शक्ति एसी एक्सप्रेस से एक घंटा अतिरिक्त जम्मू तवी स्टेशन पर पहुंचने में लेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अंबाला रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह 5:25 बजे पहुंचेेगी और लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोठ कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज के बाद जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर दोपहर को 3 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी। अंबाला से जम्मू तवी तक यह ट्रेन 367 किलोमीटर का सफर 8 घंटे 55 मिनट में तय करेगी। रेलवे की ओर से इस ट्रेन में एक भी जनरल और स्लीपर कोच नहीं होगा। सारी ट्रेन वातानुकूलित होगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्पेशल एसी ट्रेन त्योहारी सीजन में यात्रियों के बढ़ते रश को देखते हुए चलाई जा रही है।
श्री शक्ति एसी एक्सप्रेस से कम होगी स्पीड
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से श्री शक्ति एसी एक्सप्रेस ट्रेन अंबाला स्टॉपेज के बाद रोजाना जम्मू तवी और कटरा के बीच रोजाना दौड़ती है। यह ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित है और फर्स्ट क्लास एसी में सफर तय करने के लिए 1590 रुपये का किराया खर्च करना पड़ता है जबकि सेकेंड एसी के लिए 945, थर्ड एसी के 675 रुपये किराया तय है। यह ट्रेन नई दिल्ली से साढ़े 5 बजे चलती है और 8 बजकर 08 मिनट पर अंबाला पहुंचती है। इसके बाद जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर 5 बजकर 10 मिनट पर पहुंचेगी। यह ट्रेन अंबाला से जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के बीच का सफर 7 घंटे 3 मिनट में तय करेगी तो वहीं रेलवे की स्पेशल सुपरफास्ट एसी ट्रेन 8 घंटे 55 मिनट लेगी।
अप-डाउन में दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेन जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से बुधवार को 2 बजकर 30 मिनट पर चलेगी और उसके बाद पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना से होते अंबाला 8 : 15 पर पहुंचेगी और पांच मिनट के स्टॉपेज के बाद 8 बजकर 20 मिनट पर नई दिल्ली और उसके बाद बांद्रा के लिए रवाना होगी। ट्रेन में पांच चेयर कार, दो पॉवर कार, सेकेंड एसी के चार डिब्बे, थर्ड एसी के 8 डिब्बे होंगे।
जनवरी तक चलेगी ट्रेन
यह ट्रेन 19 अक्टूर से शुरू होगी और नवंबर, दिसंबर और जनवरी तक चलेगी। ट्रेन 09021 हर सोमवार को बांद्रा से चलेगी तो वहीं बुधवार को ट्रेन नंबर 09022 जम्मूतवी रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। यात्रियों के लिए जल्द ही ट्रेन की बुकिंग की सुविधा आइआरसीटीसी की वेब साइट के साथ निर्धारित रेलवे स्टेशन के आरक्षित टिकट काउंटर पर शुरू कर दी जाएगी।
त्योहारी रश के चलते रेलवे की ओर से स्पेशल सुपरफास्ट एसी ट्रेन चलाई है जल्द ही इसकी बुकिंग शुरू हो जाएगी और यात्रियों को ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। ट्रेन का किराया भी बुकिंग के साथ अन्य ट्रेनों के साथ वेबसाइट पर प्रदर्शित होगा।
- हरि मोहन, सीनियर डीसीएम अंबाला।