कैंट स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में विस्तार की कवायद, डीआरएम के निर्देश पर वाणिज्य विभाग ने तैयार किया प्रस्ताव
हरिंदर पाल सिंह
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा में लगातार वृद्धि की जा रही है। इस कड़ी में एक बार फिर अंबाला रेल मंडल तीन नई सुविधाएं प्रदान करने जा रहा है। इन सुविधाओं के तहत रेलवे परिसर में पर्यटक सहायता केंद्र खोला जाएगा ताकि दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को आगामी सफर के लिए टैक्सी सहित अन्य मुख्य जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके। इस योजना के तहत आगमन और निकासी द्वार के पास दो सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
दूसरी योजना के तहत रेलवे परिसर में खेल जोन बनाया जाएगा। यहां छोटे बच्चों के लिए खेल-खिलौनों के अलावा वरिष्ठ नागरिकों सहित अन्य के लिए कुर्सी वाली मसाज की मशीनें स्थापित की जाएंगी। यह सुविधा रेलवे परिसर में अनारक्षित टिकट केंद्र के नजदीक खाली पड़ी जगह पर उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि दूर-दराज के स्टेशनों से आने वाले यात्रियों की शारीरिक व मानसिक थकावट को दूर किया जा सके।
तीसरी योजना के तहत रेलवे परिसर में आरक्षण केंद्र के पास पड़ी खाली जगह में एक छोटा शोरूम खोला जाएगा। यहां यात्रियों को जरूरत का सामान जैसे, साबुन, तेल आदि मिलेगा। इसके अलावा यहां फोटोस्टेट मशीन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि यात्रियों को फोटो कॉपी आदि के लिए स्टेशन से बाहर न जाना पड़े।
मान्यता मिलते ही निविदा प्रक्रिया होगी आरंभ
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन बेशक विश्वस्तरीय नहीं बन पाया, लेकिन मंडल रेल प्रबंधक की सोच है कि एयरपोर्ट की तर्ज पर जो सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, वैसी ही सुविधाएं यात्रियों को कैंट रेलवे स्टेशन पर मिलें। इसके तहत स्टेशन पर कई बदलाव किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रेल प्रबंधक के निर्देश पर वाणिज्य विभाग ने इन तीनों योजनाओं से जुड़े प्रस्ताव को तैयार किया है ताकि मान्यता मिलते ही निविदा की प्रक्रिया आरंभ हो सके।
कैंट स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की प्रत्येक सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई योजनाओं पर कार्य चल रहा है और कुछ का स्वरूप तैयार किया गया है ताकि किसी भी जरूरत के लिए यात्री को रेलवे स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत न पड़े।
- नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल