माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। घरेलू गैस उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। शुक्रवार को प्रशासन ने सूचना विभाग के माध्यम से गैस एजेंसियों के टोल फ्री नंबर तो सार्वजनिक कर दिए। मगर इनमें से एक भी नंबर पर कॉल नहीं लगी।
एक एजेंसी के टोल फ्री नंबर पर तो फोन मिलाने पर इस रूट की सभी लाइनें व्यस्त हैं, सुनाई दे रही है। जबकि दो अन्य गैस कंपनियों के नंबर बिना कॉल के कट हो जा रहे हैं। ऐसी स्थिति को देखकर लग रहा है कि टोल फ्री नंबर सार्वजनिक कर सिर्फ प्रोटोकॉल को अपनाया जा रहा है।
बीपीसीएल की लाइन व्यस्त तो एचपीसीएल और आईओसीएल बंद : प्रशासन की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल कंपनी के टोल फ्री नंबर जारी किए गए थे। इनमें बीपीसीएल का टोल फ्री नंबर 1800-22-4344, आईओसीएल टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 और एचपीसीएल का टोल फ्री नंबर 1800- 2333-555 दिया गया। दावा किया गया कि परेशानी होने पर लोग इन नंबरों पर फोन कर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। मगर इनमें से एक भी नंबर पर कॉल नहीं जा रही है। जिला प्रशासन की तरफ से घरेलू गैस उपभोक्ता से अपील की गई है कि वह सिलिंडर की बुकिंग के लिए गैस एजेंसी में न जाकर केवल अपने मोबाइल फोन व ऑनलाइन के माध्यम से ही गैस बुकिंग करवाना सुनिश्चित करें। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक निशांत राठी ने आमजन को अफवाहों से बचने की अपील की है।