उपायुक्त अशोक सांगवान ने बताया कि 17 फरवरी को दोपहर 2 बजे हुडा मैदान में अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों के लगभग 15 हजार पंचगण सामूहिक शपथ लेंगे। उन्हें यह शपथ हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ दिलवाएंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कृष्ण कुमार बेदी, श्याम सिंह राणा सहित अन्य विधायक भी मौजूद रहेंगे। सांगवान मंगलवार को इस आयोजन के प्रबंधों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले सभी पंचगण की सुविधा के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है, जबकि अंबाला जिला के कुछ क्षेत्रों से पंच प्रतिनिधियों के अपने वाहनों पर भी आने की उम्मीद है।
इन वाहनों को सुविधाजनक तरीके से पहुंचाने के लिए अम्बाला-हिसार मार्ग, अम्बाला-यमुनानगर मार्ग व अम्बाला-दिल्ली मार्ग पर फलैक्स बोर्ड लगवाए गए हैं। प्रत्येक जिले के वाहन प्रवेश के लिए प्रवेश द्वारों पर जिले के नाम का फ्लैक्श चश्पा किया जा रहा है। इसके अलावा पार्किंग स्थल और सभा स्थल के अलग-अलग ब्लॉक के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किये गये हैं। उन्होंने बताया कि सभी रूटों पर पुलिस की तैनाती रहेगी ताकि लोग सुविधाजनक तरीके से अपने वाहनों से वहां पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि सभा स्थल पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी और महिलाओं व पुरुषों के लिए पर्याप्त संख्या में अलग-अलग शौचालय भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले पंचगणों के मनोरंजन के लिए सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकार भी हरियाणवी, पंजाबी गीतों व शिक्षाप्रद गीतों से अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस अवसर पर एडीसी मोनिका मलिक, एसडीएम कैप्टन शक्ति सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त राजकुमार वालिया, जिला राजस्व अधिकारी जीएस विर्क, डीडीपीओ रेणू जैन, सिविल सर्जन डा. विनोद गुप्ता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।