रेलवे स्टेशन पर लगी लंबी लाइनों से अकसर यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है और कई बार पैसे के लेन-देन को लेकर झगड़ा हो जाता है। बेटिकट यात्रा करने पर जुर्माना और जेल तक जाना पड़ता है। यात्रियों की इन परेशानियों को देखते हुए रेल मंडल अंबाला ने यूटीएस मोबाइल ऐप शुरू किया है। इस ऐप के जरिए कुछ ही मिनट में यात्री अपनी टिकट बुक करा सकते हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के जरिए यात्रियों की जहां कई तरह की परेशानियां दूर होंगी वहीं कैशलेस सुविधा को बढ़ावा मिलेगा।
रेलवे ने ऐप के बारे में अधिक से अधिक यात्रियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए मंडल के अधीन आने वाले सहारनपुर रेलवे स्टेशन, अंबाला रेलवे स्टेशन, यमुनानगर, जगाधरी, राजपुरा, कालका, पटियाला, चंडीगढ़, और बठिंडा रेलवे स्टेशन पर जागरुकता अभियान शुरू कर दिया है ताकि यात्री इस ऐप को अपने मोबाइल में इंस्टाल कर सके। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि उनका यह अभियान 11 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में हर सुविधा उपभोक्ता के दरवाजे पर उपलब्ध करवाना हर संस्था का उद्देश्य बन गया है जो सुप्रशासन का एक लक्ष्य भी है। यात्रियों को लाइन से छुटकारा दिलाना, कैशलेस सुविधा प्रदान करना, किसी भी प्रकार की कैश के लेनदेन में होने वाली त्रुटि से निजात दिलाने के लिए समय समय पर प्रयास किए जाते रहे हैं। मंडल ने इस दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए टिकट बुकिंग की सुविधा को लोगो को मोबाइल के द्वारा उपलब्ध करा रहा है।
मोबाइल द्वारा टिकट बुकिंग की यह सुविधा यूटीएस आन मोबाइल ऐप द्वारा संभव हुई है जो भारतीय रेलवे की विभिन्न ऐप में से एक है। इस ऐप के उपयोग से यात्री अपनी टिकट को स्वयं बुक कर सकता है जो यात्री को पेपरलेस और कैशलेस की सुविधा से युक्त है।