अमर उजाला में 28 अप्रैल को प्रकाशित किया गया समाचार। फाइल फोटो
अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात के 81 नंबर स्टाल पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई यात्री की शिकायत पर की है। इसमें यात्री ने बताया था कि उसे रेल नीर की बोतल 20 रुपये में दी गई, जबकि इस पर 15 रुपये अंकित था।
वाणिज्य विभाग की ओर से की जांच के बाद यह तथ्य सामने आए थे। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों ने शिकायकर्ता और संबंधित स्टाल के संचालक से भी बात की थी। जब रिपोर्ट तैयार की गई तो इसमें गलती स्टाल संचालक की पाई गई। इसके आधार पर अब रेलवे ने स्टाल संचालक को चेतावनी जारी की है और उस पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। अगर दोबारा ऐसी कोई भी शिकायत आती है तो फिर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्टाल को सील करने की प्रक्रिया भी आरंभ की जाएगी।
यह था मामला
राकेश कुमार नामक यात्री ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि वो ट्रेन नंबर 22487 नई दिल्ली-अमृतसर वंदे भारत में चढ़ने के लिए अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आया था। जब वो प्लेटफार्म सात पर पहुंचा और उसने स्टाल नंबर 81 से रेल नीर की बोतल खरीदी तो उससे 15 की जगह 20 रुपये लिए गए। उसने मामले की शिकायत जब स्टेशन मास्टर के पास की तो कुछ ही देर में स्टाल पर तैनात कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गया। उसने सफाई देते हुए कहा कि उसने रेल नीर के साथ एक पांच रुपये का बिस्कुट का पैकेट भी दिया था जोकि यात्री ने नहीं लिया लेकिन यह सच्चाई स्टेशन मास्टर को भी हजम नहीं हुई और उन्होंने इसकी जानकारी वाणिज्य विभाग के अधिकारियों को दे दी। राकेश ने बताया कि ऐसा कौनसा नियम है कि अगर पांच रुपये नहीं हैं तो यात्री को बिस्कुट का पैकेट दे दिया जाए।
वर्जन
मामले की गहनता से जांच की गई थी। दोनों पक्षों से बात की गई। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित स्टाल संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। उसे चेतावनी भी जारी की गई है।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।