कोरोना ने वीरवार को जिले में तीन और जिंदगी लील ली। इन तीन मौत के साथ अब तक जिले में कोरोना 84 लोगों की जान ले चुका है। वीरवार को अंबाला शहर के सेक्टर-9 में रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग की कोराना ने जान ले ली। बुजुर्ग लीवर की समस्या से भी जूझ रहे थे। इसी तरह 65 वर्षीय बुजुर्ग जोकि अंबाला शहर रामबाग रोड के निवासी थे और शुगर और उच्च रक्तचाप की समस्या से जूझ रहे थे उनकी जान भी कोरोना ने ले ली। तीसरी मौत 53 वर्षीय महिला जोकि अंबाला छावनी के 12 क्रॉस रोड की रहने वाली थी हुई। महिला शुगर के साथ उच्च रक्तचाप की समस्या से जूझ रही थी और उनका आक्सीजन लेवल भी कम चल रहा था।
यह रही वीरवार को जिले की स्थिति
जिले में वीरवार को 92 नए मरीज सामने आए। अब तक जिले में कुल 7489 लोग कोरोना से सरकारी रिकार्ड के अनुसार संक्रमित हो चुके हैं। 125 मरीजों को वीरवार को डिस्चार्ज किया गया। इस तरह अब तक 6118 मरीज कोरोना मुक्त हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की बात करें तो अब जिले में इनकी संख्या 1287 रह गई है। राहत की बात यह है कि अभी तक जिले में रिकवरी रेट 81 फीसदी से ज्यादा है। अब तक जिले में करीब 89 हजार मरीजों के सैंपल लिए जा चुके हैं। जिले में अब तक कोरोना से करीब 1.11 प्रतिशत मरीजों की मौत हो चुकी है।