संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेनें माता वैष्णो देवी कटड़ा से वाराणसी, जम्मू तवी से वाराणसी और नई दिल्ली से कटड़ा के बीच चलाई जाएंगी।
रेल प्रशासन के अनुसार, इन ट्रेनों के संचालन से उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और जम्मू जाने वाले रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सभी ट्रेनें आरक्षित श्रेणी की होंगी। यह ट्रेन जम्मू, पंजाब और हरियाणा के रास्ते उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक जाएगी। ट्रेन नंबर 04604 कटड़ा से 4 अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। वहीं वापसी में ट्रेन 04603 वाराणसी से 6 अक्तूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी।
ट्रेन में कुल 22 कोच हैं। इसमें थर्ड एसी, सेकंड एसी, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। कटड़ा से ट्रेन शाम 6:15 बजे प्रस्थान करके, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना होते हुए देर रात 2 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी और फिर सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली और आलमनगर होकर अगले दिन शाम 7:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी वाराणसी से ट्रेन तड़के 4:30 बजे प्रस्थान करके अगले दिन तड़के 4:30 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।
-
जम्मू तवी से वाराणसी तक
यह ट्रेन लखनऊ और सुल्तानपुर के रास्ते चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 04610 जम्मू तवी से 1 अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और 04609 वाराणसी से 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन में कुल 15 कोच होंगे। इसमें सभी कोच 3-टियर इकॉनमी एसी डिब्बे हैं। जम्मू तवी से ट्रेन सुबह 5:15 बजे प्रस्थान कर पठानकोट कैंट, ढंडारी कलां से होते हुए दोपहर 12:15 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी और यहां से सहारनपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, लखनऊ और सुल्तानपुर के रास्ते अगले दिन तड़के 5:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन वाराणसी से सुबह 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।
नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक
त्योहार के मुख्य दिनों के दौरान दिल्ली-कटड़ा मार्ग पर अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा के लिए यह एलएचबी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 04081 नई दिल्ली से 8, 9, 10 व 11 अक्तूबर को और 04082 कटड़ा से 9, 10, 11 व 12 अक्तूबर को चलेगी। ट्रेन में कुल 21 एलएचबी कोच होंगे। ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में पानीपत, कुरुक्षेत्र जंक्शन, अंबाला कैंट, लुधियाना जंक्शन, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) स्टेशनों पर होगा। नई दिल्ली से ट्रेन रात 11:45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वहीं कटड़ा से ट्रेन रात 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
स्टेशन के नोटिस बोर्ड और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिये यात्रियों को समय-सारणी की जांच कर अग्रिम बुकिंग कराने का परामर्श दिया है। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, प्रवक्ता, उत्तर रेलवे