अंबाला सिटी। पुलिस ने बीयर की बोतल फोड़ने से रोकने पर युवक की पिटाई करने, चाकू से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हीरा नगर निवासी नितिन उर्फ रजत, एमसी कॉलोनी निवासी वंश उर्फ वंशू और कृष्ण कुमार उर्फ कुकली के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा, एक लोहे की रॉड और चाकू बरामद कर लिया गया है।
जांच अधिकारी गुरु राम ने बताया कि शिकायतकर्ता शहजाद ने रविवार को थाना सिटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर को उनके भाई के साले मोबिन ने बीयर की बोतल तोड़ने और उस पर बीयर के छींटे पड़ने पर ऐतराज किया था। इसी के कारण राधा कृष्ण बाजार के पास आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, चाकू से वार कर घायल कर दिया। जब उसे भाई मदद के लिए पहुंचे तो उनके ऊपर भी हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड, चाकू और एक्टिवा को कब्जे में ले लिया। इसके बाद तीनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।