अंबाला सिटी। मॉडल टाउन क्षेत्र में बुधवार देररात डिलीवरी देने जा रहे एक जोमेटो बॉय और उसके दोस्त के साथ बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। डिलीवरी बॉय पंजोखरा साहिब निवासी परविंद्र को रोककर उनके साथ मारपीट की और उसकी बाइक सहित नकदी से भरा बैग छीनकर भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए। बलदेव नगर थाना पुलिस ने परविंद्र की तहरीर पर अज्ञात तीन बदमाशों पर डकैती की धारा 309(6) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
पंजोखरा साहिब निवासी प्रविंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह जोमेटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है। बुधवार की रात करीब 3:40 बजे वह अपने दोस्त शिवा कुमार के साथ बाइक पर डिलीवरी देने के बाद लौट रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-1 स्थित अग्रवाल अस्पताल के पास पहुंचे तो पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया था। बदमाशों ने पहले पीछे बैठे दोस्त को थप्पड़ मारा और बाइक रोकने को कहा। जब बाइक नहीं रोकी तो जबरन रास्ता रोक लिया। तीनों युवकों ने दोनों को थप्पड़-मुक्कों मारे। देखते ही देखते ईंट-पत्थरों से हमला कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट के डर से सिल्वर रंग की स्पलेंडर बाइक व पैसों वाला बैग बदमाशों के हवाले कर दिया। तीनों बदमाश बैग व बाइक लेकर अंबाला कैंट की तरफ भाग गए थे।