अंबाला। कैंट के एसडीएम कार्यालय से फर्जी पतों पर अंतरराज्यीय वाहन रजिस्ट्रेशन मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने इस मामले में डीसी कार्यालय के अकाउंटेंट करनैल सिंह की तहरीर पर अज्ञात दलालों, कैंट एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी व अज्ञात वाहन चालकों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अंबाला कैंट थाना प्रभारी धर्मबीर ने कहा कि यह कार्रवाई बीएसएन में धोखाधड़ी, सरकारी मुलाजिम द्वारा गबन करने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने व षडयंत्र रचने की धाराओं के तहत की है। जल्द ही पुलिस अंबाला कैंट एसडी कार्यालय के रजिस्ट्रेशन से जुड़े कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। उधर, एक कर्मचारी के हिरासत में लिए जाने की बात कहीं जा रही है लेकिन अभी तक इस मामले में किसी ने पुलिस ने अधिकारिक पुष्टि नहीं की।
उपायुक्त के निरीक्षण से हुआ था खुलासा
बता दें कि अंबाला कैंट के एसडीएम कार्यालय से तामिलनाडु, पंजाब सहित कई राज्यों के वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि अस्थायी पते गल दिए थे। अंबाला उपायुक्त अजय तोमर ने एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण कर इस मामले का खुलासा किया था। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज करने का निर्णय लिया गया। इस मामले में अंबाला कैंट एसडीएम कनिका गोयल ने मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 55-5 के तहत वाहन मालिकों को नोटिस भी जारी किए हैं।