साहा। होली पर चाकू से हत्या कर दिनारपुर गांव के गन्ने के खेत में फेंके गए बिहार के अररिया गेरकी निवासी अर्जुन के शव मामले की गुत्थी साहा पुलिस ने सुलझा ली है। साहा थाना पुलिस ने चाकू मारने वाले मुख्य आरोपी वजीदपुर गांव निवासी विकास को काबू किया है। साहा थाना प्रभारी कर्मबीर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह छीनाझपटी के इरादे से अपने दो अन्य साथियों के संग बाइक पर था, तभी साइकिल से गुजर रहे अर्जुन को छीनाझपटी के इरादे से रोका था। विरोध करने पर उस पर चाकू से वार किए थे। आरोपी एक फैक्टरी में मजदूरी करता है। उधर, पुलिस ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी कर ली है लेकिन अभी तक उसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शनिवार आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी ताकि चाकू बरामद किया जा सके।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन बिहार ले गए शव
बता दें कि दिनारपुर गांव में बस अड्डा के पास गन्ने के खेत में होली वाले दिन अर्जुन का शव मिला था। युवक की छाती व पेट पर चाकूनुमा हथियार से कई वार थे, जिससे आंतें तक बाहर निकल गई थीं। मृतक शादीशुदा था व दिनारपुर गांव में गन्ने की छिलाई का काम करता था। पुलिस ने कैंट के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को साहा की जगह बिहार ले गए।