अंबाला। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को इनाम व प्रशंसा पत्र मिलेगा। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं चिंता का बड़ा मुद्दा है। सरकार द्वारा विभिन्न सड़क सुरक्षा सुधार कार्यक्रम लागू किए गए है ताकि आमजन की सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो और सड़क दुर्घटनाओं में मौतों की संख्या में कमी लाई जा सकी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की जान बचाने, सड़क दुर्घटना में पीड़ितों की आपातकालीन परिस्थिति में मदद करने वाले मददगारों का मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए राहवीर स्कीम चलाई है।
इस राहवीर स्कीम के तहत मोटर वाहन से जुड़ी किसी गंभीर दुर्घटना में एक या एक से अधिक पीड़ितों की जान बचाने वाले राहवीर/नेक व्यक्ति को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तथा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। एसपी ने बताया कि पूरे वर्ष के दौरान पुरस्कृत हुए राहवीरों में से उत्कृष्ट राहवीर को राष्ट्रीय स्तर पर भी इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वह सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करें तथा सड़क दुर्घटना से स्वयं और दूसरों को बचाने के लिए यातायात का पालन करें।