अंबाला। राय मार्केट के पीछे गंदे नाले की समस्या से जल्द निजात मिल जाएगी। स्थानीय दुकानदारों द्वारा किए गए आग्रह पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने गंदे पानी की निकासी के लिए भूमिगत पाइप डालने के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट मंत्री के निर्देश पर स्थानीय दुकानदारों को राहत पहुंचाते हुए नगर परिषद ने नाले के निर्माण की योजना तैयार कर ली है। योजना को जल्द ही अनुमति के लिए विभागीय अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा ताकि निविदा जारी करके तुरंत प्रभाव से नाले का काम शुरु करवाया जा सके।
बैंक स्क्वेयर से लेकर राय मार्केट तक गंदे पानी की निकासी के लिए भूमिगत पाइप डाले जाएंगे ताकि बाजारों में भी जलभराव की समस्या खत्म हो जाए। नप ने इस कार्य को पूरा करने की अनुमानित लागत तैयार की है जोकि 23.55 लाख के करीब है। अब इस प्रस्ताव को विभागीय मान्यता का इंतजार है जोकि जल्द मिलने की उम्मीद जताई गई है।
कई सालों से झेल रहे परेशानी
स्थानीय दुकानदार कृष्ण सिंह, महावीर, राजकुमार, काला, धर्मेंद्र आदि ने बताया कि वो पिछले लगभग 10 वर्षों से गंदे नाले की परेशानी से जूझ रहे हैं। नाले के हालात इतने खराब हो चुके हैं कि चारों तरफ गंदगी का आलम है। बारिश के दिनों में इस नाले का गंदा पानी व गंदगी दुकानों के अंदर घुस जाती है। पूर्व में भी दुकानों में घुसे कीड़े-मकौड़ों के काटने से कई दुकानदार बीमार पड़ गए थे।
राय मार्केट के पीछे गंदे नाले की जगह भूमिगत पाइप डाले जाएंगे। इसकी योजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही इसे अंतिम रूप देकर काम शुरु करवा दिया जाएगा।
देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर, अंबाला।