अंबाला। देरी से चल रही ट्रेनों की जानकारी कंफर्म टिकट यात्रियों तक नहीं पहुंच रही है। इसलिए उन्हें बार-बार पूछताछ केंद्र और रेलवे अधीक्षक के कमरे में चक्कर काटने पड़ रहे हैं। रविवार को भी कुछ परेशान यात्री ट्रेन की जानकारी के लिए दौड़धूप करते नजर आए, हालांकि उन्होंने स्पेशल ट्रेन में सफर करना था जोकि सात घंटे की देरी से चल रही थी।
धुंध ने एक बार फिर यात्रियों की मुसीबत को बढ़ा दिया है। प्रीमियम ट्रेनों शताब्दी सहित वंदे भारत का संचालन भी गड़बड़ाने लगा है। अगर स्पेशल ट्रेनों की बात करें तो इनकी हालात काफी खराब है। जहां दैनिक ट्रेनें दो से तीन घंटे की देरी से चल रही हैं, वहीं स्पेशल ट्रेनें सात से आठ घंटे की देरी से गंतव्य स्टेशन पर पहुंच रही हैं। ऐसे में यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर ही ट्रेन के इंतजार में घंटों बैठना पड़ रहा है। इस दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गाें को संभालने में कड़ी मश्क्कत करनी पड़ रही है।
22 ट्रेनें रही लेट
ट्रेन नंबर 14674 अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस 1.20 घंटे, 12498 अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस 30 मिनट, 14735 श्रीगंगानगर-अंबाला कैंट 30 मिनट, 12030 अमृतसर-नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस 15 मिनट, 18238 अमृतसर-बिलासपुर छतीसगढ़ एक्सप्रेस 20 मिनट, 14610 कटरा-ऋषिकेश 20 मिनट, 11905 आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस 2.30 घंटे, 14681 नई दिल्ली-जालंधर एक्सप्रेस, 14521 दिल्ली-अंबाला कैंट एक्सप्रेस 3 घंटे, 15211 दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस 2 घंटे, 12920 कटरा-डॉ आंबेडकर नगर 1.30 घंटे, 12478 कटरा-जामनगर 30 मिनट, 12012 कालका-शताब्दी 15 मिनट, 22440 कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत 30 मिनट, 15904 चंडीगढ़-दरभंगा 2 घंटे, 12238 जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस 30 मिनट, 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस 7 घंटे, 04529 वाराणसी-बठिंडा स्पेशल 6 घंटे, 04523 सहारनपुर-नंगलडैम 40 मिनट, 12903 मुंबई-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल 30 मिनट, 12357 कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाणा एक्सप्रेस 7 घंटे, 20807 विशाखापट्नम-अमृतसर 1.30 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची।
ट्रेनों की जानकारी देने के लिए लगातार उद्धोषणा प्रणाली का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला।