अंबाला कोर्ट परिसर में वकील चेंबरों के पास दो पक्षों में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर तेजधार हथियार चले। इस झगड़े में दो युवक जख्मी हुए, जो सीधे सिविल अस्पताल पहुंचे।
यहां पर इन युवकों को उपचार दिया गया, लेकिन कुछ देर के बाद यह युवक अस्पताल से ही गायब हो गए। कोर्ट परिसर में इस घटना की काफी चर्चा रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंजोखरा थाना के एक गांव के कुछ युवकों का दूसरे पक्ष के युवकों के साथ पुराने मामले को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। दोनों पक्ष कोर्ट में पहुंचे थे और एक वकील चैंबर में समझौते को लेकर बातचीत कर रहे थे। मगर बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई।
बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में चैंबरों से बाहर आकर तेजधार हथियारों से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कुछ देर के बाद यह कोर्ट परिसर में पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही एक पक्ष मौके से गायब हो गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद दूसरे पक्ष से बातचीत की।
सूत्रों के अनुसार इस हमले में घायल एक पक्ष के दो युवक अंबाला सिटी सिविल अस्पताल पहुंचे और यहां पर अपना उपचार कराया। कुछ देर तक यह दोनों घायल युवक अस्पताल में ही मौजूद रहे, लेकिन बाद में यह अस्पताल से गायब हो गए। उधर, पुलिस का कहना कि सिविल अस्पताल से उनके पास फिलहाल कोई सूचना नहीं आई है। यदि कोई सूचना आती है, तो कार्रवाई की जाएगी।