अंबाला छावनी में शहीद स्माकर का निरीक्षण करती एफएफआई की टीम। प्रवक्ता
- फोटो : Samvad
अंबाला। शहीदी स्मारक संग्रहालय अब न केवल वीर शहीदों की गाथा सुनाएगा, बल्कि यहां फहराता विशाल तिरंगा दूर से ही लोगों में देशभक्ति का जज्बा भी भरेगा। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) के अध्यक्ष व सांसद नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में यहां राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
शुक्रवार को फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत) के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय टीम ने संग्रहालय परिसर का दौरा किया। टीम ने ध्वजदंड (फ्लैग पोल) की ऊंचाई, तकनीकी संरचना और सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर डीके चौहान ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को तकनीकी ड्राइंग सौंपते हुए आगामी निर्माण प्रक्रिया पर चर्चा की।
मेजर जनरल कोहली ने बताया कि देशभर में अब तक 200 से अधिक विशाल तिरंगे स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल का मानना है कि तिरंगा हमारी अस्मिता और बलिदान का प्रतीक है। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह (पूर्व आईएएस) ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान 2026 के तहत युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. राज कुमार, भूषण मंगला और पोल एक्सपर्ट उमा प्रसाद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।