अंबाला सिटी। जिला अंबाला में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते आ रहे है लेकिन प्रशासन ने अभी तक फाॅगिंग नहीं कराई है। जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से फाॅगिंग के लिए पत्र भी लिखे जा चुके हैं। जिला में डेंगू का खतरा और अधिक बढ़ गया है।
बीते वर्ष डेंगू के 500 से अधिक मामले सामने आए थे। इस बार अभी तक डेंगू के सात मामले सामने आ चुके हैं। फाॅगिंग को लेकर निगम अधिकारियाें ने अभी तक तैयारियां भी शुरू नहीं की है। अधिकारियाें ने कहा कि शेड्यूल तो बना लिया गया है लेकिन अभी कर्मचारियों को चुनाव संबंधी कार्यों में लगाया गया है। इस कारण काम प्रभावित हो रहा है। इधर नागरिक अस्पताल में भी आए दिन बुखार के मामले बढ़ते जा रहे हैं। विभाग की ओर से बुखार के मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है। वहीं अभी तक एक लाख से अधिक घरों में लारवा की जांच हो चुकी है।
सोमवार से होगी फाॅगिंग
निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि निगम के पास फाॅगिंग के लिए पांच मशीनें हैं। इनमें चार छोटी और एक बड़ी है। सभी मशीनें सही तरीके से काम भी कर रही है। अधिक प्रभावित क्षेत्रों में तो हमारी ओर से फाॅगिंग करवाई जा रही है। सोमवार से ही सभी वार्डों में फाॅगिंग का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। निगम के पास 400 से अधिक कर्मचारी हैं जो विभिन्न कार्यों में लगे हुए हैं। चुनावों के कामों में भी कर्मचारी लगाए गए हैं।
मरीजों के लिए बनाए फीवर वार्ड
डॉ. सुनील हरि ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुखार के मरीजों के लिए अलग से फीवर वार्ड बना दिए गए हैं। इसके साथ ही रोजाना बुखार वाले मरीजों के रैपिड टेस्ट भी हो रहे हैं। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन मरीजों को बुखार है, उनकी जांच निर्देशों के आधार पर की जाए। विभिन्न विभागों को फाॅगिंग के लिए दवा भी दे दी गई है।