अंबाला। ट्रेन नंबर 19326 अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस में पाकिस्तानी नागरिक के साथ हुई घटना को लेकर जीआरपी ने जांच तेज कर दी है। मामले की तहकीकात के लिए टीम को जल्द ही अमृतसर भेजा जाएगा। टीम को जानकारी मिली है कि जिस कोच में चोरी हुई है, उसमें सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं जोकि चोर तक पहुंंचने में काफी कारगर सिद्ध हो सकते हैं।
इसकी फुटेज के लिए जीआरपी ने प्रयास तेज कर दिए हैं ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। दरअसल पाकिस्तान के हिंद मोहल्ला कशमोर निवासी 41 वर्षीय दीपक कुमार ने जीआरपी को दी शिकायत में बताया था कि 24 अक्तूबर की रात को पत्नी संग वो अमृतसर से इंदौर जा रहा था।
ट्रेन में सफर के दौरान एसी कोच से उसकी पत्नी का पर्स चोरी हो गया। पर्स में सोने का मंगलसूत्र,एक नेकलेस सेट सोने का, दस सेट कान के झुमके, सोने की छह अंगूठी, दो हाथों के कड़े, ब्रेसलेट सोने का, मोबाइल, 25 हजार रुपये की पाकिस्तानी करंसी, 2 हजार की भारतीय नकदी थी। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 15 लाख थी।
इस मामले में टीम पूरी सक्रियता से लगी हुई है। जानकारी मिली है कि जिस कोच में चोरी हुई है, उसमें सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। अब फुटेज को लेकर कार्रवाई की जा रही है। टीम को अमृतसर भी भेजा जाएगा।
धर्मवीर सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी