नारायणगढ़। उपमंडल को बेसहारा पशुओं से मुक्त बनाना हैं। इस उपमंडल को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के लिए आम नागरिक के साथ-साथ संस्थाओं के सहयोग की जरूरत होगी। उपमंडल अधिकारी शाश्वत सांगवान ने कहा कि बेसहारा पशुओं को गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।
अहम पहलू यह है कि अगर कोई व्यक्ति प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करते हुए अपने पालतू को बेसहारा छोड़ेगा तो उस व्यक्ति पर 10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया जाएगा। एसडीएम ने गोशालाओं के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए जानकारी दी। इससे पहले उन्होंने गोशालाओं के प्रधान व संबंधित अधिकारियों के साथ बेसहारा पशुओं को पकड़ने की रणनीति पर विचार विमर्श किया।
इस दौरान गउशाला के प्रतिनिधियों ने अपनी कुछ समस्याएं व सुझाव भी रखें। एसडीएम ने गउशाला संचालकों को आश्वासन दिया कि प्रशासन की तरफ से हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा और किसी को भी परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इतना ही नहीं प्रशासन तमाम सुझावों पर अमल करके आगामी कार्रवाई भी करेगा। इस अवसर पर गउशाला नारायणगढ़ के प्रबंधक सुमन गुप्ता, पशुपालन विभाग के एसडीओ दलजीत सिंह, नगर पालिका सचिव मोहित सैनी, बीडीओ जोगेश कुमार व अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद