संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला रेल मंडल ने दैनिक यात्रियों को राहत देते हुए ट्रेनों की लेटलतीफी को कम करने की तैयारी कर ली है। ट्रेनों के समय को सुधारने के लिए मंडल ने एक विशेष निगरानी टीम का गठन किया है, जो सीधे तौर पर ट्रेनों की आवाजाही और देरी के कारणों पर नजर रखेगी।
अंबाला मंडल ने विशेष रूप से रायपुर हरियाणा और अंब अंदौरा के बीच चलने वाली ट्रेनों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला लिया है। इस रूट पर यात्रियों की भारी संख्या और लगातार हो रही देरी की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की परेशानी को दूर करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
-
दिल्ली मंडल से मंत्रणा
ट्रेनों के समय संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अंबाला डीआरएम ने दिल्ली के मंडल रेल प्रबंधक से विशेष सहयोग मांगा है। चूंकि कई ट्रेनें दिल्ली मंडल से होकर आती हैं, इसलिए दोनों मंडलों के बीच बेहतर तालमेल से क्रॉसिंग और आउटर पर लगने वाले समय को कम किया जा सकेगा।
-
प्रमुख बदलाव
प्रमुख बदलाव के तहत ट्रेनों की समय सारिणी में सुधार होगा। पंजाब और सहारनपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों के शेड्यूल को फिर से दुरुस्त किया जा रहा है। इसके लिए रियल-टाइम की निगरानी की जा रही है। विशेष टीम हर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने और छूटने के समय का डेटा जुटाएगी।
-
दैनिक यात्रियों को राहत
सुबह और शाम के समय चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि नौकरीपेशा और छात्रों को देरी न हो। रेलवे के इस फैसले से उन हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली है जो रोजाना घंटों स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर थे।
यात्रियों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। देरी के तकनीकी कारणों को चिन्हित कर उन्हें दूर किया जा रहा है। जल्द ही अंबाला मंडल की सभी मुख्य ट्रेनों के समय पालन में सुधार देखने को मिलेगा।
विनोद भाटिया, डीआरएम अंबाला।