अंबाला। सैन्य क्षेत्र स्थित आकाश गंगा बैंक्वेट हॉल के निकट मंगलवार सुबह दिल्ली नंबर की एक संदिग्ध ऑल्टो कार मिली थी। सेना सहित इलाका पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई थी। दो घंटे तक इलाके में हलचल रही। आखिर में रजिमेंट पुलिस चौकी ने कार के नंबर को जांचा तो वह गन्नौर के कमल अरोड़ा के नाम पर पाई गई थी।
रजिमेंट चौकी प्रभारी सुखदेव ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि उनका गन्नौर निवासी दोस्त देव अंबाला कैंट में एयरफोर्स का मेडिकल टेस्ट देने आया है। सोमवार रात को ही उसने कार को मुख्य रोड के किनारे लगा दी थी। उसमें ही वह सोया था। सुबह एयरफोर्स का टेस्ट देने के लिए चला गया था। दोपहर के समय पूरी जांच के बाद युवक को कार सौंप दी थी। कार में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।
रात के समय कार की फोटो हुई थी वायरल : दिल्ली नंबर की अल्टो कार सैन्य क्षेत्र में जवानों के कमरों के बाहर खड़ी थी। कार की रात के समय की फोटो व वीडियो रजिमेंट चौकी प्रभारी के पास पहुंची थी। दिल्ली नंबर की कार होने के कारण पुलिस व सेना पुलिस अलर्ट हो गई थी।
10 जनवरी को भी बलदेव नगर थाने में एक मारुति कार खड़ी कर घरेलू सीलिंडरों के जरिये धमाका करने का प्रयास किया गया था। इस मामले को लेकर भी पुलिस अलर्ट पर थी। कार मालिक के आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। संवाद